दिल्ली में भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर पानी भर गया है। इस वजह से कई फ्लाइट पर असर पड़ा है। इंडिगो और एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का शेड्यूल चेक कर लें। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण दिल्ली आने वाली कई फ्लाइट्स पर असर पड़ा है। इस वजह से अहमदाबाद, मुंबई और पोर्ट ब्लेयर से आने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट्स में देरी हो रही है।
दिल्ली में शुक्रवार को अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने आज शाम तक तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। भारी बारिश के बाद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पानी भर गया। एयरपोर्ट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वेटिंग एरिया और अन्य जगहों पर भी पानी भरा दिखाई दे रहा है। पूरा एयरपोर्ट तालाब बना हुआ है और यात्रियों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए एक्स पर लिखा, “दिल्ली में खराब मौसम की वजह से फ्लाइट शेड्यूल पर असर पड़ा है। हम मौसम पर करीब से नजर रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और आसानी से आपके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अगर आप आज यात्रा कर रहे हैं, तो हम सलाह देते हैं कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले https://t.co/nTbt4mrMOX या ऐप के जरिए हमारी वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें। कृपया यात्रा के लिए ज्यादा समय भी रखें, क्योंकि सड़क की हालत सामान्य से धीमी हो सकती है। हम आपके धैर्य और समझ की सराहना करते हैं। आपका आराम और सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”
एयर इंडिया ने भी एडवाइजरी जारी कर अपने यात्रियों को फ्लाइट का स्टेटस चेक करने के लिए कहा। इसके साथ ही एयरलाइन ने एक लिंक भी दिया है, जिसमें क्लिक करके आप अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर सकते हैं। आप अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने के लिए https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html… पर जा सकते हैं। एयर इंडिया ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “आज खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ़्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। एक आसान यात्रा अनुभव पक्का करने के लिए, हम अपने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले नीचे दिए गए लिंक पर फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस चेक करने के लिए कहते हैं: https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html… आपकी समझदारी और सहयोग के लिए धन्यवाद।”








