राजौरी : जम्मू कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश की वजह से बाढ़ के हालात बन गए हैं। कई जगहों पर पानी भरा हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रात भर हुई भारी बारिश के कारण 4 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और नदियों, नालों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों से दूर रहें। इसके अलावा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
खराब मौसम को देखते हुए पहले ही अमरनाथ यात्रा स्थगित हो चुकी है। खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते श्री अमरनाथजी यात्रा को पहलगाम और बाल्टल दोनों मार्गों से 19 जुलाई, 2026 से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।
जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप का वीडियो भी सामने आया है। अमरनाथ के बाद वैष्णो देवी यात्रा भी स्थगित की जा चुकी है। भारी बारिश और बाढ़ के हालात की वजह से स्थानीय लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “सब कुछ खत्म हो गया है; सब कुछ चला गया है। हमारे पास जो कुछ भी था, वह सब बह गया है। एक महिला लापता है।”
एक और स्थानीय निवासी का कहना है, “काफी नुकसान हुआ है। लगभग 200 से 250 कारें गायब हैं। यह घटना तड़के करीब 3 बजे हुई। बस स्टैंड का तो कोई नामो-निशान ही नहीं बचा है। एक और स्थानीय निवासी का कहना है, “बाढ़ आने से पहले यहां कम से कम 300-400 गाड़ियां खड़ी थीं और वे सभी रात भर में बह गईं। हम प्रशासन से गुजारिश करते हैं कि कम से कम जो गाड़ियां यहां हैं, उन्हें निकालने के लिए JCB या क्रेन भेजी जाएं। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि इस मुश्किल समय में लोगों की मदद करें। बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है; बारिश रुकी नहीं है।”
राजौरी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे धरहल नदी का पानी ओवरफ्लो होकर न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में फैल गया। पार्किंग एरिया में बाढ़ का पानी घुसने से बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।








