Home अपराध कुलदीप सेंगर की बेटी ने अमित शाह को लिखी चिट्ठी, कहा- हमें...

कुलदीप सेंगर की बेटी ने अमित शाह को लिखी चिट्ठी, कहा- हमें मिले स्थायी सुरक्षा…

0
212

लखनऊ: उन्नाव बलात्कार मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक भावुक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को निरंतर सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है, ताकि किसी अप्रिय घटना पर उनके पिता पर फिर से आरोप न लगे।

ऐश्वर्या ने पत्र में चिंता व्यक्त की कि पीड़िता सोशल मीडिया और मीडिया पर बार-बार बयान दे रही हैं कि यदि कुलदीप सेंगर को जमानत या रिहाई मिली तो वह या उनका परिवार आत्महत्या कर लेगा। ऐश्वर्या का कहना है कि ऐसे बयानों से डर का माहौल बन रहा है और अगर पीड़िता पक्ष के साथ कोई हादसा हुआ तो सारा ठीकरा उनके पिता के सिर फोड़ा जाएगा।

पत्र में पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए ऐश्वर्या ने याद दिलाया कि 2018 में पीड़िता ने मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी, जिसके बाद मीडिया दबाव में उनके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, 2019 की सड़क दुर्घटना में पीड़िता घायल हुई और उनके रिश्तेदारों की मौत हुई, लेकिन सीबीआई, आईआईटी दिल्ली, सीएफएसएल और सीआरआरआई की जांच में इसे स्पष्ट दुर्घटना माना गया। दिल्ली कोर्ट ने इस मामले में सेंगर को बरी कर दिया और कोई अपील नहीं हुई, फिर भी मीडिया में हत्या के प्रयास का आरोप लगाया जाता रहा।

यह भी पढ़ें -  Unnao Accident: सड़क किनारे पेड़ से टकराया ट्रक, दो की मौत और पांच घायल, मृतकों की नहीं हुई है शिनाख्त

ऐश्वर्या ने मीडिया पर पक्षपातपूर्ण कवरेज का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे निष्पक्ष ट्रायल का हक छिन गया और हर राहत वाले फैसले पर विरोध शुरू हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पत्र केवल न्याय, मानवीयता और किसी अनहोनी को रोकने के लिए है, न कि सहानुभूति के लिए।

गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर को सेंगर की सजा निलंबित कर जमानत दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 29 दिसंबर को उस आदेश पर रोक लगा दी। सेंगर अभी जेल में ही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here