Home उत्तर प्रदेश लखनऊ को मिली विकास की नई सौगात, 5827.9 लाख की योजनाओं का...

लखनऊ को मिली विकास की नई सौगात, 5827.9 लाख की योजनाओं का लोकार्पण

0
74

लखनऊ : गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के वार्षिकोत्सव एवं लखनऊ शहर की जनकल्याणकारी परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में रविवार को राजधानी को 5827.9 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात मिली। टंकी वाला पार्क, विवेक खण्ड 2, गोमतीनगर में आयोजित कार्यक्रम के इस अवसर पर रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

लोकार्पित परियोजनाओं में लक्ष्मण मण्डपम् गोमतीनगर एवं गणेशगंज (कम्युनिटी सेंटर एवं डे केयर सेंटर), सामुदायिक केंद्र सुदर्शनपुरी ऐशबाग, विनीत खंड, गोमतीनगर में देव वन-नक्षत्र वाटिका एवं ई-लाइब्रेरी और हुसैनाबाद चौक स्थित संस्कृति एवं कला संग्रहालय (म्यूजियम) शामिल हैं।

इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ के विकास की यह पहल केवल इमारतों या ढांचों का निर्माण नहीं, बल्कि शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों तक बेहतर जीवन की सुविधा पहुंचाए।

यह भी पढ़ें -  जम्मू-कश्मीर एलजी मनोज सिन्हा का दावा है कि महात्मा गांधी के पास कानून की डिग्री नहीं थी, तुषार गांधी ने प्रतिक्रिया दी

उन्होंने कहा कि लक्ष्मण मण्डपम् जैसी सुविधाएं स्थानीय लोगों को सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती और सुलभ स्थान उपलब्ध कराएंगी, वहीं डे केयर सेंटर कामकाजी माताओं के लिए बड़ी राहत साबित होंगे।

देव वन नक्षत्र वाटिका को उन्होंने स्वास्थ्य, प्रकृति और अध्यात्म से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल बताया, जबकि ई-लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का डिजिटल केंद्र करार दिया। वहीं लखनऊ संस्कृति एवं कला संग्रहालय को शहर की विरासत, कला और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास बताया, जिससे पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

अपने संबोधन में उन्होंने लखनऊ और उत्तर प्रदेश में चल रहे व्यापक विकास कार्यों, सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, फ्लाईओवर और औद्योगिक निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में राजधानी क्षेत्र और अधिक मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ देश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्थानीय नागरिक एवं गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here