प्रयागराज। बालीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी संन्यास लेकर किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर बनने जा रही हैं। गले में रुद्राक्ष, भगवा कपड़े पहनकर ममता प्रयागराज के महाकुंभ में पहुंचीं। इस दौरान अभिनेत्री किन्नर अखाड़े में गईं। ममता ने अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। ममता कुलकर्णी के गले में रुद्राक्ष की माला और कंधे पर भगवा झोला मौजूद था।
ममता कुलकर्णी ने कहा कि यहां आना मेरा सौभाग्य है। यहां ममता कुलकर्णी ने करीब एक घंटे तक महाकुंभ और धर्म अध्यात्म के मुद्दों पर आचार्य महामंडलेश्वर से चर्चा भी की। इसके पूर्व ममता कुलकर्णी ने संगम में आस्था की डुबकी भी लगाई। महामंडलेश्वर के साथ की एक्ट्रेस की तस्वीरें इंटरनेट पर छाई हुई हैं।
बताया जा रहा है कि ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के सानिध्य में महामंडलेश्वर बनाई जाएंगी। जिसकी तैयारी किन्नर अखाड़े में शुरू कर दी गई है। देर शाम ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाया जाएगा। इसके पहले वह संगम में संतों के साथ स्नान करेंगी और फिर पिंडदानके बाद महामंडलेश्वर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आपको बता दें कि ममता कुलकर्णी बालीवुड की सैकड़ों फिल्मों में अहम रोल निभा चुकी हैं। छुपा रुस्तम, सेंसर, जाने-जिगर, चाइना गेट, किला, क्रांतिकारी, जीवन युद्ध, नसीब, बेकाबू, बाजी, करन अर्जुन, तिरंगा जैसी फिल्मों में बतौर अभिनेत्री लीड किया है।