अक्षत टाइम्स संवाददाता, कानपुर, 21 फरवरी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन, रेल बाजार स्थित पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के लिए निर्माणाधीन आवासीय परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मूल परियोजना में पार्किंग व्यवस्था शामिल नहीं है, इस पर जिलाधिकारी ने पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिये। शनिवार को जिलाधिकारी पुलिस लाइन पहुंचे और यहां परियोजना के अंतर्गत 32.09 करोड़ की लागत से टाइप-5 के 08 तथा टाइप-4 के 40 फ्लैट का चल रहा निर्माण कार्य देखा।
जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि आवासों में रहने वाले अधिकारियों की संख्या को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अनूप मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ये कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक सत्यप्रिय ने बताया कि 32.09 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य 01 सितंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। आवासों के अतिरिक्त 02 गार्ड रूम, इंटरलॉकिंग रोड, बाउंड्रीवाल एवं गेट, स्ट्रीट लाइट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ओवरहेड टैंक, लिफ्ट तथा डीजी सेट का निर्माण भी प्रस्तावित है। वर्तमान में विभिन्न ब्लॉकों में फाउंडेशन खुदाई, राफ्ट निर्माण, कॉलम पेडेस्टल कास्टिंग तथा स्टील कार्य चल रहा है।








