आज शनिवार को तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनसुनवाई के उपरांत अधिकारियों ने तहसील परिसर में लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।








