Home अपराध लव मैरिज के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मां बाप ने घर...

लव मैरिज के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मां बाप ने घर के दरवाजे पर ही कर दिया अंतिम संस्कार

0
64

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से उसका शव बेड पर बरामद किया गया। मृतका के गले पर गहरे निशान मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही शव का दाह संस्कार कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मृतका गुंजा कुमारी कांटी निवासी रंजीत पासवान की पुत्री थी। उसकी शादी इसी साल 23 जनवरी को पलटन पासवान के पुत्र कुंदन कुमार के साथ हुई थी। बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था। मृतका की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि वे धनतेरस के अवसर पर दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी बेटी की मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, उन्हें घटना की जानकारी स्थानीय वार्ड सदस्य के माध्यम से रात करीब 12 बजे मिली। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रजवाड़ा डीह पहुंचे। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शव को गुपचुप तरीके से जलाने की तैयारी में थे। मायके वालों के पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुचकर छानबीन की। पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा।

यह भी पढ़ें -  नए संसद भवन के गज द्वार पर आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ फहरायेंगे तिरंगा

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का आरोप है कि श्मशान घाट की जानकारी नहीं मिलने और न्याय की मांग को लेकर उन्होंने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस समय ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार थे।

घटना की सूचना पर मुशहरी थाना के अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता ने बताया कि मृतका के पिता रंजीत पासवान के लिखित आवेदन पर पति कुंदन कुमार, उसके भाई चंदन पासवान, बहन प्रियंका और भाभी सुलेखा के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल की विशेष टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दहेज प्रताड़ना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here