उन्नाव। अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने वाले सगे भाई ने ईर्ष्या के चलते अपनी बहन की हत्या की थी, घटना के साक्ष्य और आलाक़त्ल बरामद होने के साथ ही जिले के दही थाना पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीती 18 फरवरी को थाना क्षेत्र के गांव तारगांव निवासी रामनरेश पुत्र स्व. होरीलाल ने थाना पुलिस को सूचना दी कि उनका बेटा अजय 22 अपनी बहन की विदाई कराने थाना फतेहपुर चौरासी के गांव कछियनखेड़ा निवासी रिंकू उर्फ रमाकांत के घर ई-रिक्शा से गया था। देर रात वापस लौटे रामनरेश ने बताया कि बाजार खेड़ा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसका ई-रिक्शा रोककर उसे कुछ खिला दिया और उसकी बहन को अपहरण कर ले गए।
पिता की सूचना पर दही थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर स्वाट, सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से घटनास्थल पर पहुंचकर अजय से गहन पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर अजय ने अपना जुर्म कबूल करने के साथ ही बताया कि उसका अपनी बहन से घरेलू बातों को लेकर विवाद रहता था।
ईर्ष्या के चलते उसने बहन की उसके ही शॉल से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर युवती का शव बरामद कर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।








