Unnao : यूपी स्थापना दिवस पर जन कल्याणकारी योजनाओं की विकास प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन 

0
86
उन्नाव 24 जनवरी : उत्तर प्रदेश दिवस 2025 के अवसर पर निराला प्रेक्षागृह में आयोजित जन कल्याणकारी योजनाओं की विकास प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ विधायक सदर पंकज गुप्ता एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह भी उपस्थिति रही।
विकास प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग, कारागार के बन्दियों द्वारा बनाए गए उत्पाद, अग्निशमन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुचिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, जल निगम, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, मत्स्य विकास अभिकरण, बेसिक शिक्षा विभाग एवं बैकल्पिक ऊर्जा विभाग आदि द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी। इस दौरान उ0प्र0 की ऐतिहासिक सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं राजनैतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गीत, नाटक, लोक नृत्य, संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा आल्हा गायन आदि विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां दी गयी। कार्यक्रम को अपने संचालन के द्वारा बेहतर बनाने में शिक्षक/कवि विश्वनाथ तिवारी की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर विधायक सदर ने सभी जनपदवासियों को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की बधाइयां प्रेषित करते हुए कहा कि भारत के स्वाधीनता संग्राम में उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हमारी सनातन संस्कृति व ऐतिहासिक विरासत को सहेजने वाले तथा दुनियां में पर्यटन के रूप में पहचाने जाने वाले कई भव्य स्थल व इमारतें यहां मौजूद है। वर्तमान सरकार में आज शांति का माहौल होने के कारण देश व दुनियां के कई बडे़ उद्यमी यहां निवेश कर रहे हैं। हमारी सरकार ने आध्यात्मिक विरासतों को संभालने के साथ-साथ यहां का विकास भी किया है। हम अपने प्रदेश को अपनी मेहनत व दृढ़ संकल्प से और बेहतर बनाने का प्रयास करें, यह हम सबका दायित्व एवं कर्तव्य है।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कहा कि यहां के लोग पूरे देश व पूरी दुनियां में बसते हैं, इसलिए यहां का कल्चर हर जगह प्रतिविंबित होता है। हम यूपी से बाहर जाकर यहां की ऐसी छवि पेश करें जो हमारी सांस्कृतिक विरासत व कार्यशैली का सकारात्मक प्रस्तुतीकरण हो। ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे बाहर के लोगों में यहां के लोगों के प्रति नकारात्मक भाव बने। उन्होने प्रदेश की भव्यता व यहां के गौरवशाली इतिहास के बारे में बताया कि यहां संगीत व नृत्य के कई बड़े-बड़े व प्रतिष्ठित घराने हैं। आजादी के संघर्ष में ज्यादातर बलिदानी यही के रहे हैं। हमारे देश के ज्यादातर प्रधानमंत्री भी इसी प्रदेश के रहे हैं। यहां की छवि को पूरी दुनियां में अच्छा करना हम सभी नागरिकों का दायित्व है। हमारा व्यवहार ऐसा हो कि हम जहां भी जाएं, हमें अपनी संस्कृति व पहचान को बताने में गर्व महसूस हो।
इस मौके पर विधायक सदर व जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अन्तर्गत जनपद के 30 लाभार्थियों को कुल 124 लाख रूपये के ऋण स्वीकृति पत्र/चेक वितरित किए गए। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में चित्रकला प्रतियोगिता की विजेता बालिकाओ को प्रशस्ति पत्र, शील्ड व मैडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी/कर्मचारी गण भी सम्मानित किए गए। उन्नाव जनपद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करने वाले विवेकानन्द युथ आवार्ड से सम्मानित शास्त्रीय गायक अक्षय शुक्ला को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय, जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी संतोष कुमार सिंह, एलडीएम सुनील वर्मा एवं अन्य अधिकारी व शिक्षक गण आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here