Home अपराध जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, एक घायल

जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, एक घायल

0
96

शाहजहांपुर। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बरी खास गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार रात हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

मदनापुर क्षेत्र के बरी खास गांव निवासी 25 वर्षीय श्याम सुंदर बचपन से ही अपने नाना के घर रहता था। नाना की एक ही बेटी होने के कारण पूरी संपत्ति श्याम सुंदर के नाम कर दी गई थी। इसी 40 बीघा जमीन को लेकर नाना के भाई के बेटों से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी अजयभान ने श्याम सुंदर से नजदीकी बढ़ा ली और उसके घर आने-जाने लगा।

घटना वाले दिन शाम को श्याम सुंदर खेत पर बरसीम काटने गया था, जहां आरोपी पक्ष से उसका विवाद हुआ और मारपीट भी हुई, लेकिन ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। रात करीब 11 बजे आरोपी उसके घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। पत्नी के मना करने के बावजूद श्याम सुंदर बाहर गया तो पहले से मौजूद अजयभान, विजयवीर और धनवीर से फिर विवाद बढ़ गया और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। एक गोली श्याम सुंदर के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गोली उसके भाई ब्रजमोहन की जांघ में लगी।

यह भी पढ़ें -  पत्नी के शव को बोरे में भरकर सरपंच के घर के बाहर फेंक आया पति, मचा हड़कंप

घटना के बाद परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉ. ने श्याम सुंदर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। उधर, एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और विवाद की पुष्टि हुई। कार्रवाई करते हुए आरोपी धनवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here