Home उत्तर प्रदेश महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति मुर्मू समेत PM मोदी ने दी...

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति मुर्मू समेत PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

0
21

लखनऊ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को राजघाट स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी राजघाट स्मारक जाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।

वहां उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रपिता की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। स्मारक स्थल पर आयोजित एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गांधीजी के पसंदीदा भजन ”रघुप्तति राघव राजा राम” समेत कई भक्ति गीत गाए गए। मोहनदास करमचंद गांधी, जिन्हें महात्मा गांधी के नाम से जाना जाता है, ब्रिटिश शासन से भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष में प्रमुख व्यक्ति थे। 30 जनवरी, 1948 को दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या कर दी थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता के आदर्श भारत के विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने के संकल्प के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा सौ गुना नमन। पूज्य बापू ने हमेशा स्वदेशी पर जोर दिया, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का एक मूलभूत स्तंभ है।”

मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व और कर्म भारतीय पीढ़ियों को कर्तव्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “उनका व्यक्तित्व और कर्म देश के लोगों को कर्तव्य के मार्ग पर चलने के लिए सदा प्रेरित करते रहेंगे।” 30 जनवरी को भारत में महात्मा गांधी की स्मृति में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिनकी 1948 में इसी दिन हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें -  अलविदा जेसन: सबको रुलाकर चला गया जू का स्टार, खाकी व सफेद रंग के कपड़ों से थी चिढ़, बाड़े से ही मारता था ईंटें

सीएम योगी ने महात्मा गाँधी की पुण्य तिथि पर किया आह्वान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।”

उन्होंने लिखा, ”श्रद्धेय ‘बापू’ का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेंगी।” मुख्यमंत्री ने आह्वान किया, ”आइए, ‘बापू’ के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।” महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जहां महात्मा गांधी के विचारों और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। गौरतलब है कि 30 जनवरी 1948 की शाम महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी । हे राम के अंतिम शब्दों के साथ बापू गिर पड़े और पूरा देश स्तब्ध रह गया था । इसी दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो बलिदान, अहिंसा और सद्भाव की याद दिलाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here