देहरादून। हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक आई-20 कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे में कार सवार एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ समेत कई बचाव दल पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शवों को बाहर निकालने के लिए वाहन को कटर से काटा गया। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी था।
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने से भी यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस राहत एवं बचाव कार्य के साथ ही यातायात सुचारू कराने में जुटी रही।








