Home अपराध क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में अंपायर की मौत, कई...

क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में अंपायर की मौत, कई खिलाड़ी जख्मी

0
178

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में एक बुजुर्ग अंपायर की मौत हो गई तथा कई अन्य खिलाड़ी जख्मी हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में बुधवार को कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित किया जा रहे एक मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मैदान पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस हमले से मैदान में अफरातफरी मच गई और खिलाड़ी व दर्शक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैच में अंपायरिंग कर रहे 65 वर्षीय माणिक गुप्ता मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर एलएलआर अस्पताल (हैलट) कानपुर भेजा गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हैलट अस्पताल में चिकित्सकों ने गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में जख्मी कई खिलाड़ियों को भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस घटना में एक अन्य अंपायर और लगभग 15 से 20 खिलाड़ी भी डंक लगने से घायल हुए हैं। केसीए के पदाधिकारियों ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

यह भी पढ़ें -  कांग्रेस की चेतावनी के बावजूद सचिन पायलट आज भूख हड़ताल करेंगे: 10 अंक

केसीए के अध्यक्ष एसएन सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कानपुर में बताया कि उन्नाव में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमले में अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई है। सिंह ने बताया कि जब गुप्ता को अस्पताल ले जाया गया तब भी मधुमक्खियां उनके चेहरे और शरीर से चिपकी हुई थीं जिससे पता चलता है कि हमला कितना गंभीर था। सिंह ने एसोसिएशन की ओर से संवेदना भी जताई और कहा कि केसीए इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here