बदायूं : बदायूं-बिजनौर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक टैंकर और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाईयों की मौत हो गई जबकि टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा कोतवाली बिल्सी क्षेत्र क गांव वैन स्थित भट्ठे के पास हुआ। मृतकों की शिनाख्त उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामय खेड़ा निवासी भूप सिंह (22) और राजेश कुमार (24) पुत्र मैकूलाल मौर्य के रूप में हुई है। सूचना मिलने परिजन चीत्कार करते पहुंचे। मृतकों के तीसरे भाई पूरन ने बताया कि सोमवार को वह दोनों शादी के लिए लड़की देखने नगर बिल्सी के मोहल्ला तीन में जा रहे थे। भूप सिंह और राजेश कुमार एक बाइक पर थे जबकि उनके परिवार के अन्य लोग एक कार में सवार थे। वह दोनों बैन स्थित भट्टे के पास से गुजरे। इसी दौरान तेज रफ्तार दुग्ध टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दोनों भाई और टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने भूप सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनके घायल भाई राजेश कुमार और टैंकर चालक बुलंदशहर के खुर्जाना निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र चंद्रपाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान राजेश कुमार ने भी दम तोड़ दिया। उपनिरीक्षक रामसेवक राठौर ने बताया कि दोनों भाईयों के शवों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है।








