टिकैतनगर/बाराबंकी। शनिवार दिनदहाड़े सरयू नदी की तराई में हुई घटना ने दिल दहला कर रख दिया। पहली बार साइकिल से आइसक्रीम बेचने गांव गए साइकिल सवार की बिना किसी वाद विवाद गर्दन काटकर अलग कर दी गई और हत्यारा सिर अपने साथ घर ले गया। घटना की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया।
एसपी, सीओ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं हत्यारोपी घर से दबोच लिया गया है। हुआ यह कि टिकैतनगर थाना क्षेत्र का गांव परसावल सरयू नदी के उस पार बसा हुआ है। शनिवार सुबह दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पारा बेहटा निवासी बब्लू 21 वर्ष साइकिल से आइसक्रीम बेचने परसावल गांव जा रहा था।
गांव की ओर जाते समय शंकर नामक अधेड़ ने उसे पीछे से आवाज दी, ग्राहक जान बब्लू रुक गया। इसी बीच पीछे से आए शंकर ने बब्लू को संभलने का मौका भी नहीं दिया और हाथ में मौजूद बांके से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से गंभीर रूप से घायल बब्लू जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बेरहम हत्यारे ने बिना परवाह किए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसी बीच उधर से गुजरे लोग सिर पर पैर रखकर भाग गए।
वहीं शंकर कटा हुआ सिर लेकर खेत में बने छप्परनुमा घर चला गया, जहां निकट ही सिर रखकर उसने खाना बनाया। खबर फैली तो काफी देर बाद सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में ग्रामीणों ने पूरी बात बताई। इसी बीच एसपी अर्पित विजयवर्गीय, सीओ रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्र भी पहुंच गए। पुलिस की दबिश में आरोपी शंकर कटे हुए सिर के साथ पकड़ लिया गया।
परसावल गांव पहली बार आइसक्रीम बेचने गए बब्लू को अंदाजा नहीं था कि आगे मौत उसका इंतजार कर रही है। स्वभाव से सीधा सादा बब्लू जिसे ग्राहक समझकर साइकिल रोकने की भूल कर बैठा, वह सनकी और मानसिक मंदित भी है, पहली बार गांव जाने के चलते उसे नहीं पता था। हत्यारे ने पीछे से आवाज दी और पास आते ही खूनी खेल कर डाला। बब्लू खुद का बचाव तक नहीं कर सका। ग्रामीण बताते हैं कि परिवार से अलग खेत में छप्पर रखकर रह रहा आरोपी शंकर दिमागी तौर पर बीमार और झगड़ालू प्रवृत्ति का था। घटनास्थल पर पड़ा धड़, बिखरा खून देखकर लोगों की सांस ऊपर की ऊपर रह गईं।
क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्र ने बताया कि अभी तक जांच में पता चला है कि हत्यारोपी शंकर के आवाज देने पर साइकिल सवार बब्लू रुक गया और पीछे से आकर शंकर ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। बब्लू भी पहली बार उस गांव गया था। हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में है, उससे पूछताछ की जा रही है।








