बाराबंकी। ईद की छुट्टी पर हैदराबाद से घर आए युवक की हत्या किया हुआ शव शनिवार को सूखे नाले में पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोटें होने से आशंका है कि इसके सिर पर लाठियों से ताबड़तोड़ वार हुए हैं। परिजन लूट का भी आरोप लगा रहे और एक युवक पर संदेह जताया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार यह घटना सफदरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कटरा की है। गांव वासी मोहम्मद वैस का बेटा मोहम्मद आसिफ हैदराबाद में रहकर वेल्डिंग का काम करता है। वह ईद के सिलसिले में छुट्टी लेकर घर आया था।
बताया जा रहा कि शुक्रवार देर शाम गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। रात करीब 10 बजे तक उसे गांव में देखा गया, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। आसिफ के गायब होने से परेशान परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। जिस पर परिजन घर लौट गए। शनिवार सुबह उसका शव चौखंडी स्थित ईदगाह के पीछे कल्याणी नदी की ओर जाने वाले सूखे नाले में मिला।
खबर पाते ही परिजन बदहवास होकर दौड़ पड़े। वहीं सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देखा गया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इससे आशंका है कि आसिफ की लाठी से कई वारकर हत्या की गई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए, वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद परिजन बदहवास हालत में दिखे। मृतक की मां व अन्य परिजन विलाप करते रहे। मां महशर जहां ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना से पहले आसिफ के पास चांदी की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 12 हजार रुपये नकद थे, जो अब गायब हैं। परिजनों ने हत्या के बाद लूट की भी आशंका जताई है। वहीं, पिता मोहम्मद वैस ने बताया कि बेटे का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिससे रंजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के परिवार में दो भाई वसीम और सलीम तथा तीन बहनें हैं।
थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच लूट और रंजिश दोनों पहलुओं पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, ग्राम प्रधान नियाज अहमद अंसारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।








