उन्नाव में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान विभागीय टीम ने कुल 9 खाद्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
विभागीय टीम ने आवास विकास, सिविल लाइन, बांगरमऊ रोड और नवाबगंज समेत कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर आइसक्रीम, कुल्फी और अन्य खाद्य उत्पादों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान कुछ आइसक्रीम उत्पादों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और पैकिंग तिथि अंकित नहीं मिली, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभियान के दौरान यशो आइसक्रीम और वर्मा फूड प्रोडक्ट समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








