Home अपराध प्रेम-प्रसंग में युवती की हत्या, जंगल में फेंका शव, 12 दिन बाद...

प्रेम-प्रसंग में युवती की हत्या, जंगल में फेंका शव, 12 दिन बाद मिले कंकाल, प्रेमी गिरफ्तार

0
38

लखनऊ । यूपी में सीतापुर जिले के संधना थाना क्षेत्र से अपहृत 19 वर्षीय युवती की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर बीकेटी क्षेत्र के देवरई कला गांव के निकट जंगल से युवती के कंकालनुमा अवशेष बरामद किए हैं।

बरामद कपड़ों और अन्य सामान की पहचान परिजनों ने युवती मानसी के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग और गर्भवती होने के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मानसी पुत्री महेश निवासी कस्बा एवं थाना संधना, सीतापुर, 25 मई को घर से ग्राम कुचलयी स्थित महाविद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर थाना संधना में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और संदिग्ध विशाल पाल निवासी ग्राम सरैया थाना संधना से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस शनिवार की सुबह आरोपी को साथ लेकर बीकेटी थाना क्षेत्र के देवरई कला जंगल पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में तलाशी के दौरान युवती के कपड़े, चप्पल, खोपड़ी और बाल बरामद हुए। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध थे।

यह भी पढ़ें -  UP News: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील और उद्योगपति गौरव डालमिया को नोटिस, महाठग संजय की कंपनियों में है निदेशक

आरोप है कि युवती के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को आउटर रिंग रोड (किसान पथ) किनारे जंगल में फेंक दिया। लगभग 12 दिन बीत जाने के कारण शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होकर कंकाल में तब्दील हो चुका था। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम और अन्य विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवश्यकतानुसार डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।

जंगल से बरामद कपड़े, चप्पल और अन्य सामान देखकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उनकी पहचान मानसी के रूप में की। हालांकि पुलिस ने पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे किसी प्रकार की आशंका न रहे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध थे। पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी। पुलिस को आशंका है कि इसी कारण आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विवेचना और वैज्ञानिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here