नर्मदापुरम : लिव-इन पार्टनर ने महिला की चाकू से हत्या कर दी, जिसके बाद से मोहल्ले में हलचल मच गई है। यह घटना नर्मदापुरम के मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के पास किराए के मकान में रहने वाली आशा यादव की उसके लिव-इन पार्टनर गणपत चौरे ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मंगलवार दोपहर करीब 3.30 बजे नंदविहार कॉलोनी के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर खतरनाक लड़ाई हुई थी। इस दौरान आरोपी गणपत ने महिला के पेट और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद घायल महिला को कुछ बच्चियों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। अस्पताल के डॉक्टर उदित भट्ट की दी गई जानकारी के अनुसार महिला के पेट पर एक और गले के नीचे तीन गहरे घाव थे, जिससे काफी खून बह चुका था। डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन कोई देखभाल करने वाला साथ न होने के कारण उसे स्थानीय अस्पताल में ही रखना पड़ा। जिंदगी और मौत से 28 घंटे तक जूझने के बाद आखिरकार गुरुवार रात महिला ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली थाना टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए, बताया कि घटना के बाद घायल महिला के बयानों के आधार पर आरोपी गणपत चौरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। अब महिला की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी जा रही हैं। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है। दरअसल, पुलिस की एक टीम लाइफ स्टाइल कॉलोनी स्थित उनके किराए के मकान पर भी पहुंची, लेकिन वहां ताला लटका मिला। पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला भी घटना के अगले दिन कमरा खाली करके चली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ मृतका के परिजनों और उसके मूल निवास स्थान का पता लगाने में जुटी है।








