Home अपराध इंदौर में गुड़ खिला रहे ऑटो ड्राइवर को हाथी ने सूंड से...

इंदौर में गुड़ खिला रहे ऑटो ड्राइवर को हाथी ने सूंड से उठाकर पटका, पैर से कुचला, मौत

0
78

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक हाथी ने ऑटो ड्राइवर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैर से कुचल दिया। हाथी के हमले के बाद पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गुड़ खिला रहे आटो चालक को भड़के हाथी ने सूंड में लपेटकर पैर से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर का है। घटना शनिवार शाम 4.30 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 49 वर्षीय रिक्शा चालक विजय होल्कर के रूप में हुई है, जो ई सेक्टर राजनगर पुलिस चौकी के पास रहते हैं। जानकारी के अनुसार जैन समाज के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल कुछ साधु उज्जैन से हाथी लेकर इंदौर आए थे। महावत हाथी लेकर भीख मांगने राजनगर पहुंचे। इसी दौरान विजय हाथी को गुड़ खिलाने लगा, तभी वह भड़क गया और विजय को सूंड में लपेटकर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रख दिया। इससे विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन विजय को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से उन्हें महाराजा यशवंतराव अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार वाले निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर इलाज चलने के बाद विजय की मौत हो गई। विजय की मौत घटना के लगभग तीन घंटे बाद हुई। चंदन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर हाथी के महावत को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अगर हाथी पूरी तरह से बेकाबू होता तो कई लोगों की मौत हो सकती थी और पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता।

यह भी पढ़ें -  'जेल की राजनीति बनाम शिक्षा की राजनीति': अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया का जेल से खुला पत्र साझा किया

टीआई तिलक करोले ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। महावत से पूछताछ की जा रही है। हाथी के संबंध में इंदौर जू के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय विजय शराब के नशे में भी हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। लोग हाथी के हमले का वीडियो देखकर दहशत में हैं। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here