Home अपराध घर में फंदे पर लटकते मिले मां और तीन बच्चों के शव,...

घर में फंदे पर लटकते मिले मां और तीन बच्चों के शव, सुसाइड नोट में छलका दर्द

0
13

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के मुडलाना गांव में शनिवार शाम एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर के अंदर महिला और उसके तीन बच्चों के शव फंदे पर लटके मिले। घटनास्थल से दो पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पारिवारिक तनाव, संपत्ति विवाद और कथित भेदभाव का जिक्र किया गया है। हालांकि, मृतका के भाई ने तीनों बच्चों की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान रीमा (37), उनकी बेटियों रिहाना (11), आरजू (7) और बेटे दुष्यंत (4) के रूप में हुई है। रीमा के पति जयदेव पानीपत के मतलौड़ा क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में जेबीटी शिक्षक हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जयदेव ड्यूटी से घर पहुंचे तो पत्नी और बच्चे दिखाई नहीं दिए। तलाश करने पर पहली मंजिल के एक कमरे में चारों के शव फंदे पर लटके मिले। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।

यह भी पढ़ें -  मैन विद ए प्लान फॉर एवरी सिचुएशन: तमिलनाडु के सीएम ने सीएसके विन 5 वें आईपीएल खिताब के बाद एमएस धोनी की प्रशंसा की

पुलिस को घटनास्थल से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें रीमा ने मानसिक तनाव का उल्लेख करते हुए अपने पति को बेकसूर बताया है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की अपील की है। नोट में परिवार के भीतर कथित भेदभाव, संपत्ति के बंटवारे और ससुराल पक्ष पर काला जादू कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों की सत्यता और उनसे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दूसरी ओर, मृतका के भाई कपिल ने तीनों बच्चों की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। एसीपी राजीव के मुताबिक, कपिल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सूचना मिलने पर गोहाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सुसाइड नोट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद ही मौतों की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here