Home उत्तर प्रदेश दीपावली पर पटाखों से झुलसने वालों के लिए बेड आरक्षित

दीपावली पर पटाखों से झुलसने वालों के लिए बेड आरक्षित

0
9

लखनऊ : दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में तैयारी कर ली गई है। चिकित्सा संस्थानों और अस्पतालों की बर्न यूनिट, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड में 130 बेड आरक्षित किए गए हैं। दवाओं और चिकित्सा उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक जुटाने के साथ चिकित्सकों, विशेषज्ञों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें गठित की गई हैं। जिनकी ड्यूटी त्योहार के दौरान चौबीसों घंटे रहेगी, ताकि पटाखों से झुलसने, आंखों में चोट लगने या अन्य दुर्घटनाओं के शिकार लोगों को तत्काल इलाज मिल सके।

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिंह के बताया कि 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर आरक्षित बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न यूनिट के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा नेत्र, हड्डी और त्वचा रोग विशेषज्ञों को भी अलर्ट रखा गया है। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी में 10 आरक्षित कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि इमरजेंसी, सर्जरी, आईसीयू व अन्य विभागो के 50 बेड आरक्षित हैं। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि बर्न यूनिट को अलर्ट किया गया। 20 अतिरिक्त बेड भी आरक्षित किए गए हैं। प्लास्टिक सर्जन सहित नेत्र, हड्डी और त्वचा रोग विशेषज्ञों की भी ड्यूटी लगाई गई है। लोकबंधु अस्पताल में भी 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। राम सागर मिश्र अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  महामहिम आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को दिया स्वरोजगार का मंत्र

एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट किया गया है। एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। एंबुलेंस में दवाएं और प्राथमिक उपचार से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों, प्रमुख स्थानों और थानों के आसपास एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी, ताकि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।

जरूरी हेल्पलाइन नंबर
सीएमओ कंट्रोल रूम: 0522-2622080
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर: 9453004209
108 एंबुलेंस: आपातकालीन चिकित्सा सहायता
102 एंबुलेंस: एंबुलेंस सेवा

दीपावली देखते हुए सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में विशेष इंतजाम किए गए हैं। इमरजेंसी में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती के साथ जरूरी दवाएं व अन्य चिकित्सा संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। कोशिश है कि हादसे में घायल या पटाखों से झुलसे लोगों को बिना देरी के उपचार मिल सके।- डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here