Home अपराध कानपुर में 6 करोड़ की मेफेड्रोन के साथ तीन ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

कानपुर में 6 करोड़ की मेफेड्रोन के साथ तीन ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

0
17

कानपुर शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MD ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 600 ग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के तार उरई में पकड़ी गई ड्रग्स फैक्ट्री और विदेशों में सक्रिय तस्करों तक जुड़े हुए हैं।

फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर निवासी 24 वर्षीय हाजिद अली उर्फ साहिल, फर्रुखाबाद के बाग रुस्तम निवासी 26 वर्षीय रेहान कुरैशी और जहानगंज निवासी 28 वर्षीय रिषभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर ड्रग्स की सप्लाई चेन और गिरोह के दूसरे सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की शैक्षिक योग्यता ने इस मामले को और चौंकाने वाला बना दिया है। पुलिस के अनुसार, हाजिद अली बीएससी में केमिस्ट्री की पढ़ाई कर चुका है, जबकि रिषभ कुमार ने बीएससी बायोलॉजी की है। वहीं, तीसरा आरोपी रेहान कुरैशी पांचवीं पास है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि साइंस की पढ़ाई करने वाले दोनों युवक ड्रग्स के निर्माण और उसके अवैध कारोबार में किस तरह की भूमिका निभा रहे थे।

यह भी पढ़ें -  'देयर यू गो'': सबवे इंडिया ने एक जोड़े की पोस्ट को 1000 लाइक्स मिलने के बाद प्रायोजित किया

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी जालौन के उरई में पकड़ी गई ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े सिंडिकेट का हिस्सा हैं। इसी कड़ी में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कानपुर में बरामद की गई MD ड्रग्स कहां तैयार हुई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही शहर में इस नेटवर्क के संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का दावा है कि इस पूरे सिंडिकेट के तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर खयामुद्दीन उर्फ खय्याम से जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि खयामुद्दीन के विदेशों में सक्रिय बड़े ड्रग्स तस्करों से भी संपर्क हैं। गिरफ्तार आरोपी हाजिद अली उर्फ साहिल का संबंध भी इसी सरगना से बताया गया है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क कई शहरों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हो सकता है।

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर सिंडिकेट के कथित सरगना खयामुद्दीन उर्फ खय्याम पर है। उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल है, ड्रग्स की सप्लाई कहां से होती थी और कानपुर में इसके कितने खरीदार या नेटवर्क से जुड़े लोग सक्रिय हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here