कानपुर: महाराजपुर क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई, जब खेत में काम कर रहे ग्रामीणों के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। पहले तो ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे भगाने और घेरने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। तेंदुए ने एक के बाद एक कई ग्रामीणों पर हमला कर दिया। उसकी दहशत से खेत में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुए के झपट्टा मारने और ग्रामीणों के जान बचाकर भागने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच करनखेड़ा गांव के आसपास खेतों में तेंदुआ दिखाई दिया। इसकी खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। रामसजीवन के गेंदा के फूलों वाले खेत में तेंदुए को देखकर करीब 12 ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि शोर मचाकर और घेराबंदी करके तेंदुए को वहां से खदेड़ दिया जाएगा, लेकिन इसी दौरान तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। पहले हमले के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
तेंदुए के हमले की जानकारी गांव में फैलते ही करीब 50 अन्य ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर खेत की तरफ दौड़ पड़े। लोगों ने तेंदुए को घेरने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हमलावर बना रहा। इस दौरान उसने रामकेश समेत कई ग्रामीणों को घायल कर दिया। तेंदुए के अचानक झपट्टा मारने से लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। खेत में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मदारपुर निवासी मोहित शर्मा के मुताबिक वह खेत में गोभी काट रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। वहीं घायल रवि निषाद ने बताया कि वह गेंदा के फूल तोड़ने खेत में गए थे। तभी तेंदुए ने उनके एक दोस्त पर हमला कर दिया। दोस्त की चीख सुनकर वह उसे बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी झपट्टा मार दिया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भागे। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने कई अन्य लोगों को भी काटकर घायल किया।
हमले में हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50), मोहित विश्वकर्मा (18) और साहिल समेत नौ लोग घायल हुए हैं। चार अन्य घायलों की भी जानकारी सामने आई है। साहिल सिखटिया का रहने वाला है और अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया था। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। इसके बाद वन विभाग की टीम भी रेस्क्यू उपकरणों के साथ गांव पहुंची और तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग अभियान शुरू किया।
वन विभाग के भूपेंद्र सिंह के मुताबिक करनखेड़ा गांव नदी किनारे बसा हुआ है और आसपास जंगल भी मौजूद है। ऐसे में जंगल से जंगली जानवर के निकलकर आबादी की ओर आने की आशंका रहती है। विभाग की रेस्क्यू टीम तेंदुए को तलाशने और सुरक्षित तरीके से पकड़ने का प्रयास कर रही है।
प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे बच्चों और परिवार के साथ सुरक्षित घरों में रहें। फिलहाल अकेले खेतों की ओर न जाएं और बेहद जरूरी होने पर समूह में ही बाहर निकलें। तेंदुए की तलाश जारी है। ग्रामीणों में अब भी दहशत का माहौल है और लोगों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास के खेतों या आबादी में छिपा हो सकता है।
वहीं, आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही बहराइच जिले से एक बेहद डरावनी और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई थी। यहां तेंदुए ने घर में घुसकर 6 साल की बच्ची पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबाकर भागने लगा।








