बाराबंकी। बाराबंकी जिले में अवैध मिट्टी खनन और मिट्टी लदे डंपरों के बेलगाम संचालन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोठी थाना क्षेत्र में मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सबसे दुखद पहलू यह है कि महज आठ दिन पहले ही परिवार के मुखिया की मौत हुई थी। मां-बेटे उन्हीं की अस्थियां विसर्जित करने के लिए हैदरगढ़ स्थित औसानेश्वर घाट जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के पारादीपू गांव निवासी शर्मावती (60) पत्नी शिव कुमार वर्मा अपने बेटे सर्वेश चंद्र वर्मा (36) के साथ बाइक से औसानेश्वर घाट जा रही थीं। आठ दिन पहले सर्वेश के पिता शिव कुमार वर्मा का निधन हो गया था। सोमवार को मां-बेटे उनकी अस्थियां विसर्जित करने के लिए घर से निकले थे। दोनों अभी कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास पहुंचे थे कि इसी दौरान मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने डंपरों के संचालन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। मृतका के बेटे महेश चंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन के संरक्षण में अवैध मिट्टी खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। दिन-रात मिट्टी लदे डंपर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर अंकुश नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद एक के बाद एक तीन डंपर शवों के ऊपर से निकल गए, जबकि पुलिस मौके पर मौजूद होकर भी मूकदर्शक बनी रही। परिजनों ने इस पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय स्तर पर मिट्टी लदे डंपरों से होने वाले हादसों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। क्षेत्र में पूर्व में भी डंपरों की चपेट में आने से कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद डंपरों की तेज रफ्तार और अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगने से लोगों में नाराजगी है। ताजा हादसे ने एक बार फिर खनन गतिविधियों की निगरानी और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।








