Home अपराध शराबी बेटे ने जमीन के लिए पिता को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा...

शराबी बेटे ने जमीन के लिए पिता को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उतारा मौत के घाट

0
84

यूपी के गाजियाबाद में मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बुधवार देर रात करीब 12 बजे एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान 52 साल के हरिओम चौधरी के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के एक बेहद संपन्न किसान थे। उनके पास करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक बड़ी मार्केट है, जिसकी कुल कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हरिओम के परिवार में उनकी पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है।

एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, बड़ा बेटा निखिल अत्यधिक शराब पीने का आदी है, जिसे लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। पिता ने निखिल को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन पहले ही दे रखी थी, लेकिन निखिल उस जमीन को पूरी तरह अपने नाम करवाने की जिद पर अड़ा था। हरिओम को डर था कि शराब और गलत आदतों के चलते निखिल इस संपत्ति को भी बेच देगा, इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर अनबन रहती थी।

बुधवार रात हरिओम ने अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया। उस समय निखिल घर पर नहीं था। देर रात जब निखिल नशे की हालत में घर लौटा, तो पिता ने उसे डांट दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर निखिल ने पिस्टल निकाल ली। मां और छोटे भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई के दौरान निखिल ने पिता पर गोलियां चला दीं।

यह भी पढ़ें -  राहुल गांधी की पीएम उम्मीदवारी पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बड़ा बयान

पहली गोली हरिओम के चेहरे पर लगी, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने रहम नहीं खाया और उनके चेहरे, छाती व प्राइवेट पार्ट के पास ताबड़तोड़ 4 से 6 गोलियां दाग दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी निखिल का आपराधिक और हिंसक इतिहास रहा है। साल 2018 में भी उसने अपने छोटे भाई नीशू पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी, जिसमें नीशू को एक गोली लगी थी। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि घटना से ठीक पहले निखिल ने मोदीनगर में किन दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी और हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल किसकी थी।

पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी निखिल की धर-पकड़ के लिए पुलिस की 4 टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऐसा ही एक मामला हापुड़ से भी सामने आया था, जिसमें बेटे ने जमीन के टुकड़े को लेकर विवाद में पिता पर गोलियां बरसाकर उनकी जान ले ली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here