Home अपराध बॉयफ्रेंड के लिए शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके...

बॉयफ्रेंड के लिए शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके पहुंची दुल्हन

0
57

गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में शादी के 14 दिन बाद पत्नी के मायके चले जाने को लेकर पति ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। पति का आरोप है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के बारे में बताया और उसके साथ संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया। परिवार को इसकी जानकारी देने के बाद विवाद हुआ। अब पति का आरोप है कि पत्नी और उसके परिजन एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और रकम नहीं देने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

वैशाली निवासी अभिनव खंडेलवाल पानी सप्लाई का काम करते हैं। उनकी मां निशा खंडेलवाल ई-रिक्शा चलवाती हैं, जबकि पिता संजय खंडेलवाल प्राइवेट नौकरी करते हैं। अभिनव ने बताया कि मई 2026 में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने पानीपत निवासी रानी का रिश्ता बताया था। दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ और 11 जुलाई को कौशांबी क्षेत्र में शादी हुई। अभिनव का कहना है कि रानी के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए शादी में कोई लेन-देन नहीं हुआ। शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया और करीब चार लाख रुपये खर्च हुए।

अभिनव ने बताया कि शादी के करीब सात दिन बाद उन्होंने पत्नी को मोबाइल पर एक युवक से बात करते देखा। पूछने पर रानी ने उसे अपना प्रेमी बताया। अभिनव के अनुसार, उसने पत्नी को समझाया लेकिन रानी ने प्रेमी को छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद उसने अपनी मां और पत्नी के परिवार को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि बातचीत के दौरान रानी ने अभिनव के माता-पिता से गाली-गलौज की और उन्हें घर से निकल जाने को कहा। पति का आरोप है कि पत्नी ने उससे भी संबंध जारी रखने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें -  21 साल बाद फिर से मिला, गुजरात के स्कूली छात्र ने कारगिल में सेना के मेजर के रूप में फिर से पीएम मोदी से मुलाकात की

अभिनव के अनुसार रानी ने राजस्थान के एक धार्मिक स्थल से भी भागने का प्रयास किया था। बाद में गाजियाबाद स्थित ससुराल आने पर उसने हाथ की नस काटने और गैस सिलेंडर से आग लगाने की धमकी दी। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अभिनव का कहना है कि उस दौरान रानी ने उसके साथ नहीं रहने और प्रेमी को नहीं छोड़ने की बात कही। इसके बाद 28 जुलाई को वह मायके चली गई। अभिनव ने आरोप लगाया कि पत्नी के भाइयों ने उसके साथ मारपीट भी की।

अभिनव की मां निशा खंडेलवाल ने बताया कि बहू के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसके परिवारवालों को फोन पर इसकी जानकारी दी थी। निशा का आरोप है कि इसके बाद उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भिजवाने की धमकियां मिलने लगीं। उनका कहना है कि बहू पहले नस काटने और घर में आग लगाने की धमकी देती थी। अब एक लाख रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। मामले में अभिनव ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ये मामला पानीपत पुलिस के पास भी पहुंचा था। जहां पुलिस ने पति पत्नी दोनों को मिडिएशन के लिए भी बुलाया था। इससे पहले हापुड़ में एक युवती ने अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए शादी की और फिर घर से नकदी व गहने समेटकर फरार हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here