Home अपराध बौद्ध मंदिर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में रोष, जांच...

बौद्ध मंदिर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में रोष, जांच में जुटी पुलिस

0
68

बाराबंकी। कुर्सी कोतवाली क्षेत्र के अन्नीपुर मजरे खरिहानी गांव स्थित बौद्ध मंदिर परिसर में अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। सोमवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई और लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थिति को संवेदनशील देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को नई प्रतिमा जल्द स्थापित कराने का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए लखनऊ से डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराई, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ। एहतियात के तौर पर घुंघटेर, बड्डूपुर और कुर्सी कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस दिनभर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रही।

प्रतिमा तोड़े जाने की घटना से नाराज ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  World Heart Day 2022: बहुत नाजुक है दिल, इसे तुम ऐसे दुखाया न करो

निन्दूरा ब्लॉक के खरिहानी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद डॉ. पी.एल. पुनिया सोमवार को मौके पर पहुंचे और गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर कहा कि यह कृत्य तुच्छ मानसिकता का परिचायक है। ऐसे तत्व समाज में अफवाह फैलाकर विखंडन की कोशिश करते हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए। इस दौरान निन्दूरा ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अय्यूब किद्वई, मोहम्मद शरीफ, राजेश वर्मा, कन्धई, राजेन्द्र गौतम, शंकर लाल गौतम, बब्लू गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here