[ad_1]
सावन के पहले सोमवार को आगरा के कोनों पर भगवान शिव के राजेश्वर, बल्केश्वर, कैलाश और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। इसके लिए इन मंदिरों में विशेष तैयारी भी की गई है। मंदिर और शिवालयों को भव्य रूप से सजाया गया है। शिव मंदिरों में हजारों की संख्या में भक्त शिव की पूजा अर्चना और दर्शन करेंगे। सावन के पहले सोमवार को राजेश्वर महादेव मंदिर पर लगने वाले मेले का शुभारंभ रविवार शाम को हो गया। मेले को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था रविवार शाम चार बजे से सोमवार को मेला समाप्त होने तक जारी रहेगी। राजपुर चुंगी से कहरई मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। उधर, तीर्थराज बटेश्वर में ब्रह्मलाल जी महाराज का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए कांवड़ियों ने डेरा डाल दिया है। सोरोंजी से गंगाजल भरकर पहुंचे कांवड़ियों के बम भोले के जयघोष से बटेश्वर गुंजायमान हो रहा है।
राजेश्वर महादेव मंदिर
सावन के पहले सोमवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में शुमार राजेश्वर महादेव पर सुबह से ही भक्त शिव की पूजा करने के लिए उमड़ेंगे। मंदिर के पुजारी ने बताया कि बाबा का सुबह रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही महाआरती शाम को बाबा का भव्य श्रृंगार और महाभोग लगाया जाएगा।
बल्केश्वर महादेव मंदिर
सोमवार की सुबह भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद शिव के भक्त बाबा का अभिषेक और पूजा करेंगे। महंत कपिल नागर ने बताया कि सुबह ही भक्त बाबा के दर्शन के लिए उमड़ेंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे सोमवार को यहां मेले का आयोजन किया जाएगा। उसकी तैयारी पूरी हो चुकी हैं।
कैलाश महादेव मंदिर
कैलाश मंदिर पर सुबह बाबा का पंचामृत से अभिषेक और फिर महाआरती की जाएगी। इसके बाद भक्त शिव पर जल, बेलपत्र आदि पूजा समाग्री चढ़ा सकेंगे। महंत गौरव गिरि ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सुबह सबसे पहले भगवान शिव को जगाया जाएगा। फिर रुद्राभिषेक और आरती की जाएगी। महंत अजय राजौरिया ने बताया कि दोपहर तक भगवान शिव पर भक्त जल चढ़ा सकेंगे। उसके बाद शाम की आरती के लिए बाबा को सजाया जाएगा। यहां सावन के आखिरी सोमवार को मेला लगेगा।
[ad_2]
Source link