Home अपराध डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत,...

डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक घायल

0
155

ठाणे : महाराष्ट्र के बदलापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मुंबई-बड़ौदा महामार्ग पर तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार की रफ्तार 250 किमी प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 21 जून की तड़के यह दुर्घटना उस समय हुई जब बीएमडब्लू कार टिटवाला से बदलापुर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 251 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। एरंजाड क्षेत्र के पास चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार कई बार पलटी खाती हुई सड़क पर घिसटती चली गई।

इस हादसे में योगेश दिघे और रिकेबा जेकब की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आनंद नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका ठाणे के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक मृतक युवती के शव के अंग करीब 500 मीटर तक दूर-दूर बिखर गए।

यह भी पढ़ें -  असम सीधी भर्ती परिणाम 2022: ग्रेड 3 परिणाम आज, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पुष्टि- यहां समय और अधिक जांचें

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बीएमडब्लू एक्सप्रेसवे पर कई बार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। एक चश्मदीद ने बताया कि कार दो बार बहुत तेज स्पीड में निकली और तीसरी बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

बताया जा रहा है कि सभी युवक-युवतियां शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद बदलापुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों का दावा है कि चालक शराब के नशे में हो सकता था, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फॉरेंसिक जांच और पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हादसे के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी थी या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here