Home अपराध वर्धा में कार को ट्रक ने पीछे से रौंदा, 5 लोगों की...

वर्धा में कार को ट्रक ने पीछे से रौंदा, 5 लोगों की मौके पर मौत

0
118

महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा पुलगांव पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विरुल इंटरचेंज के पास हुआ।

हादसा उस वक्त हुआ जब एक आयशर ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के नीचे कार दब गई और ट्रक में आग लग गई। ट्रक में मिर्च लदी थी। इस हादसे में कार में सवार चार लोगों (जिनमें ड्राइवर भी शामिल था) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आइशर ट्रक के ड्राइवर की भी चोटों के कारण मौत हो गई। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और पुलगांव पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। आधी रात से समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक रुका हुआ है। एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य कराया जा रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव के ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें -  "दिल्ली एयरपोर्ट असल में पंजाब एयरपोर्ट है": वायरल ट्वीट में अशनीर ग्रोवर

एक अन्य खबर में, उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के बछरायूं क्षेत्र में रविवार को गजरौला-बछरायूं मार्ग पर एक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश के दौरान उसकी चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक लाखन सिंह यादव ने बताया कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे गजरौला की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आ रहे थे और आगे चल रहे ट्रक को पार करने की कोशिश के दौरान उनकी मोटरसाइकिल उससे टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार कासिम (23), सरफराज (35) और शारिक (25) की मौत हो गई। वे तीनों मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले के निवासी थे। टक्कर के बाद ट्रक बिजली के एक खंभे से टकराकर खेत में पलट गया। हादसे में कैंटर चालक वसीम और परिचालक फरीद घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here