Home अपराध समरसेबल डालते समय करंट की चपेट में आए दो भाई, एक की...

समरसेबल डालते समय करंट की चपेट में आए दो भाई, एक की मौत

0
60

मितौली, लखीमपुर खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को घर में हैंडपंप में समरसेबल डालने के दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे दो सगे भाई करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घटना मैगलगंज थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी फत्तेपुर के गांव महजीतपुर गांव की है। गांव निवासी सुमित पाल (20) पुत्र नीलकंठ अपने भाई अरविंद पाल के साथ घर में लगे हैंडपंप में समरसेबल डालने का काम कर रहा था। दोनों भाई लोहे का लंबा पाइप हैंडपंप में डाल रहे थे, तभी अचानक पाइप घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जैसे ही पाइप बिजली लाइन से टकराया, तेज करंट दौड़ गया और दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़ पड़े। किसी तरह दोनों भाइयों को करंट से अलग किया गया। आनन-फानन में परिजन दोनों को सीएचसी मितौली लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सुमित की हालत बेहद गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे भाई अरविंद पाल का इलाज मितौली सीएचसी में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें -  अरविंद केजरीवाल ने दिसंबर 2024 तक दिल्ली की तीन प्रमुख लैंडफिल साइटों को साफ़ करने का वादा किया

ग्रामीणों के मुताबिक मृतक सुमित चार भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का बेहद लाडला था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में गुजर रही बिजली लाइनें लगातार हादसों का कारण बन रही हैं। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here