पीलीभीत। सूचना पर ग्राम अकबरगंज के पास छापा मारकर जहानाबाद पुलिस ने अवैध तरीके से नशीली गोलियों की सौदेबाजी करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से अल्प्राजोलम की 1.20 लाख गोलियां बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत तीनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार बिश्नोई पुलिस बल के साथ शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौश्रान सूचना मिली कि ग्राम अकबरगंज स्थित गीता पेट्रोल पंप के आगे सड़क किनारे एक सफेद और एक ग्रे रंग की कार खड़ी हुई है। सफेद रंग की कार के पास तीन व्यक्ति खड़े हैं। उनके पास एक भरे हुए कार्टन में रखे डिब्बे हैं और रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियां बताए जाने पर पुलिस टीम ने आनन-फानन में छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही दो व्यक्ति ग्रे रंग की कार में जाकर बैठ गए, जबकि तीसरा व्यक्ति कार्टून लेकर सफेद कार में रखने लगा। पुलिस ने उनसे सवाल जवाब किए तो दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इस पर पुलिस ने चेकिंग की और फिर नशीली-अवैध अल्प्राजोलम की 1.20 लाख टेबलेट बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों मूल रूप से राजस्थान के मोहन नगर पुनायता रोडके रहने वाले लखविंदर सिंह, पलिया लखीमपुर के ग्राम टेहरा सेरी निवासी ओमकार मिश्रा और अमरिया क्षेत्र के ग्राम करगैना निवासी फुरकान को पकड़ लिया। दवाईयों के साथ ही दो कार, 54550 रुपये, तीन मोबाइल, 08 एटीएम कार्ड आदि भी कब्जे में ले लिए गए। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई और फिर शनिवार को जेल भेज दिया है। बता दें कि आरोपी लखविंदर हाल में पलिया लखीमपुर खीरी के अफीमी पुरवा इलाके में रह रहा था।
पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने गहनता से पूछताछ की। इस दौश्रान कुछ अधिक जानकारी तो पुलिस अभी भी नहीं जुटा सकी। इतना जरूर सामने आया कि अल्प्राजोलम (नशीली गोलियां) उसने फुरकान को पचास हजार रुपये में बेची थी। दोनों के बीच सौदा भी तय हो चुका था और जाने वाले थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि गश्त के दौरान एक सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान तीन आरोपियों को पकड़ा है। उनके पास से नशीली गोलियां बरामद हुई है। ये दवा बिना चिकित्सक के पर्चे के नहीं मिल सकती है। एफआईआर दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया। इस मामले में गहनता से अभी पड़ताल करा रहे हैं।








