Home उत्तर प्रदेश महिला आरक्षण पर बाराबंकी में सियासी संग्राम, सांसद आवास पर भाजपा का...

महिला आरक्षण पर बाराबंकी में सियासी संग्राम, सांसद आवास पर भाजपा का प्रदर्शन

0
87

बाराबंकी। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर आज बाराबंकी में सियासी माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर सांसद आवास पहुंचीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, नारी शक्ति का विरोध बंद करो, महिला विरोधी सोच मुर्दाबाद, कांग्रेस-सपा मुर्दाबाद जैसे नारे लगाकर विरोध जताया।

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो राजनीतिक दल महिलाओं को उनका अधिकार देने के खिलाफ हैं, जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। महिलाओं ने नारी का सम्मान करो, हम लोगों ने ठाना है, नारी की जिम्मेदारी निभाना है जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि भाजपा में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाओं को सम्मानजनक भागीदारी दी जाती है। महिला मोर्चा देशभर में नारी सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए महिला आरक्षण का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जबकि विपक्ष हमेशा महिलाओं के अधिकारों को दबाने का काम करता आया है। मतदान केंद्रों पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं।

यह भी पढ़ें -  गुजरात में साबरमती रिवरफ्रंट एफओबी का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

वहीं भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में लाए गए नारी शक्ति महिला आरक्षण विधेयक को पूरे सदन ने समर्थन देकर पारित किया था। भाजपा जनगणना और परिसीमन के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।

तनुज पुनिया ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की ओर से 40 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को टिकट देने का काम किया था, जबकि भाजपा ने ऐसा कभी नहीं किया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के हित की बात करती है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देकर दिखाए। कांग्रेस हमेशा महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाने का कार्य करती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here