Home उत्तर प्रदेश यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं की चेतावनी

यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं की चेतावनी

0
54

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगामी दिनों के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए शुक्रवार को अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति पकड़ सकती हैं।

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। 13 जून को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 14 से 17 जून तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें -  फेसबुक लाइव कर युवक बोला: 'प्रताड़ित हूं, इसलिए जान दे रहा हूं' और नदी में कूद गया; आखिरी बार पत्नी से कहा...

हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की संभावना बनी रहेगी। 18 जून को एक बार फिर प्रदेश के दोनों हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही कृषि संबंधी गतिविधियों की योजना बनाएं। प्रदेश में हाल के दिनों में तेज आंधी और बारिश के कारण कई जिलों में जनहानि, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासनिक अमला भी सतर्क मोड में आ गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here