लखनऊ : नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार को शहर की साफ-सफाई के साथ सीएम ग्रिड परियोजनाओं का निरीक्षण किया। सबसे पहले पटेल नगर पार्क स्थित निर्माणाधीन कल्याण मंडप का जायजा लिया। निर्माण कार्यों की प्रगति देखकर अभियंत्रण विभाग को निर्देशित किया कि नियमित मॉनीटरिंग करके कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।
इसके बाद सीएम ग्रिड परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत जोन-3 में कपूरथला चौराहे से अलकापुरी तिराहे मंदिर मार्ग तक चल रहे कार्यों की समीक्षा की। चीफ इंजीनियर सिविल को निर्देश दिए कि सभी कार्य 15 दिन के अंदर पूर्ण करें, इससे जनता को बेहतर यातायात एवं आधारभूत सुविधाएं मिलें। इसके बाद पुरनिया अलीगंज रोड से कुर्सी रोड होते हुए जनगणना निदेशालय तक विकसित की जा रही सीएम ग्रिड परियोजना का निरीक्षण किया।
कार्यस्थल पर मौजूद बाधाओं एवं चुनौतियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अवरोधों को तत्काल दूर कर 30 जून तक परियोजना का कार्य पूर्ण कराया जाए। विंध्याचल क्रॉसिंग से बाटी चोखा रेस्टोरेंट, पप्पू स्टोर ताड़ीखाना क्षेत्र तक कार्य प्रगति पर पाया। मौके पर सीवर से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए जीएम जलकल को 30 जून तक परियोजना को पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
फैजुल्लागंज स्थित शिव नगर कॉलोनी में नाला सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्य की गति बढ़ाने के लिए एक अतिरिक्त मशीन लगाने के निर्देश चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात को दिए। कहा कि नाले से निकाली गई सिल्ट के सूखते ही तत्काल उठाई जाए।








