Home अपराध किसान पथ पर डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत

किसान पथ पर डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत

0
69

लखनऊ। राजधानी के किसान पथ पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो साढ़ुओं की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक डंपर में फंसकर करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने पीछा कर भाग रहे डंपर चालक को बिजनौर थाना क्षेत्र से पकड़ लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना दोपहर करीब 1:30 बजे दरोगा खेड़ा स्थित कानपुर रोड और गहरू अंडरपास के बीच किसान पथ पर हुई। मृतकों की पहचान मोहनलालगंज के हरिकंश गढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) और सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के नकरहा गांव निवासी उनके साढ़ू रामू यादव (45) के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार, रामू यादव अपने साढ़ू रामसेवक से मिलने नकरहा गांव गए थे। वहां से दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर हरिकंश गढ़ी लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामू बाइक चला रहे थे और रामसेवक पीछे बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे।

यह भी पढ़ें -  Hathras News: ई रिक्शा में सवारी बैठाने की सीमा चार, बिठाए जा रहे दूने से भी ज्यादा, रजिस्ट्रेशन तक नहीं

हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों घायलों को लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने डंपर का पीछा किया और बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास उसे चालक समेत पकड़ लिया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है।

रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रामसेवक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, बेटा रिंकू यादव और तीन विवाहित बेटियां सुदामा, रेखा और बबली हैं। वहीं, रामू के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here