Home अपराध बारिश में ड्यूटी से लौट रहे पंचायत सचिव बाइक समेत नाले में...

बारिश में ड्यूटी से लौट रहे पंचायत सचिव बाइक समेत नाले में बहे, 22 घंटे से लापता

0
10

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में गुरुवार शाम हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर नालों और पुलियाओं पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। इसी दौरान बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा में सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह (35) उफनते नाले में बह गए। उनका करीब 22 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। गुरुवार रात हुए इस हादसे के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीण लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। आज सुबह 5 बजे से दोबारा बड़े स्तर पर तलाश शुरू की गई, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।

गांवड़ी लोढ़ा ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ड्यूटी से घर लौट रहे थे। गांव पहुंचने के लिए उन्होंने पुराने मार्ग की पुलिया से गुजरने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगातार तेज बारिश के कारण गांव के पास की पुरानी पुलिया पर पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह बाइक सहित बह गए।

यह भी पढ़ें -  ईडी ने अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है

सूचना मिलते ही इंगोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रातभर तलाश अभियान चलाया गया। बाद में बड़नगर से रेस्क्यू टीम और फिर उज्जैन से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। रात करीब 1 बजे घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई, लेकिन सूर्य प्रताप सिंह का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

आज सुबह पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश आसान बनाने के लिए रास्ते में बने स्टॉप डैम का पानी जेसीबी से निकासी बनाकर खाली कराया गया, ताकि पानी कम होने पर नीचे तक खोजबीन की जा सके। इसके बाद भी टीमों ने आगे के नालों और गांव की ओर तक सर्चिंग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

पुलिस का कहना है कि SDRF, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। तेज बहाव और बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here