Home अपराध एसटीएफ के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय नकली दवाओं के गिरोह का मास्टरमाइंड

एसटीएफ के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय नकली दवाओं के गिरोह का मास्टरमाइंड

0
48

लखनऊ। प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं तैयार कर वाराणसी और बिहार में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बिहार के कैमूर जिले का निवासी है। उसे 18 नवंबर की रात चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित कर्तमेश्वरपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।

इस गिरोह का खुलासा 30 अक्टूबर को हुआ था। एफएसडीए की टीम ने जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना स्थित बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर से नकली Nurokind-LC समेत भारी मात्रा में दवाएं बरामद की थीं। इसके बाद दो नवंबर को रोहनिया के परमानंदपुर स्थित एक आवास से Shelcal-500, Clavam-625, Zerodol-SP, Pan-40, Pantop-40 समेत कई चर्चित ब्रांडों की संदिग्ध नकली दवाएं मिली थीं। निर्माता कंपनियों ने जांच में नमूनों को नकली घोषित किया था। इस मामले में रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। उक्त व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सोलन और बद्दी में प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से कूटरचित स्ट्रिप तैयार कराकर उनमें नकली दवाओं की पैकिंग करवाता था। दवाएं कोरियर से वाराणसी के लहरतारा पहुंचाई जाती थीं। यहां से मेडिकल स्टोरों के अलावा बसों के माध्यम से बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम में सप्लाई की जाती थीं। गिरोह के सदस्य Zangi ऐप पर फर्जी नामों से बातचीत करते थे और नकद व बैंक खातों के जरिए भुगतान करते थे।

यह भी पढ़ें -  UP Budget 2023: मुख्यमंत्री योगी का ट्वीट, हर तबके के हितों को पूरा करेगा बजट, सात लाख करोड़ हो सकता है आकार

एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2023 में भी आरोपी के गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की गई थीं। इस संबंध में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था और अभिषेक के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान निरीक्षक अंजनी कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने एफएसडीए के औषधि निरीक्षकों जुनाब अली और चंदेश द्विवेदी तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे रोहनिया थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में संदिग्ध फैक्ट्रियों पर छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों और आर्थिक नेटवर्क की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here