Home अपराध DCM में घुसी तेज रफ्तार कार बनी आग का गोला, 5 लोगों...

DCM में घुसी तेज रफ्तार कार बनी आग का गोला, 5 लोगों ने कूदकर बचाई जान

0
60

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सफदरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रही DCM में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में बदल गई। हालांकि, कार में सवार पांचों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, कार अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही थी। बुधवार देर रात करीब एक बजे जब कार सफदरगंज थाना क्षेत्र में फतेह राइस मिल के सामने पहुंची, तभी वह आगे चल रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद कार में सवार पांचों लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैल रही थी और कार के अंदर फंसे लोगों के सामने बाहर निकलने की चुनौती थी। सभी ने किसी तरह कार के दरवाजे खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोग सुरक्षित बाहर आने में कामयाब रहे। इसके बाद कार पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

यह भी पढ़ें -  UPRTOU : मुक्त विवि में स्मार्ट क्लास रूम तैयार, यूपी के 60 हजार छात्र ऑनलाइन सुन सकेंगे लेक्चर

हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हादसे के कारण अयोध्या से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर जली हुई कार खड़ी होने की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here