जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच नई मुठभेड़ शुरू हो गई है। ये मुठभेड़ कुलगाम जिले के जंगलपोरा में हो रही है। यह जगह उस स्थान से महज एक किलोमीटर दूर है जहां आतंकी हमला हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मानव खुफिया जानकारी से संकेत मिलता है कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर लतीफ भट वहां फंसा हुआ है। कुलगाम आतंकी हमले के बाद लतीफ की तलाश तेज कर दी गई थी। ये एनकाउंटर आतंकियों और जम्मू कश्मीर पुलिस-सुरक्षाबलों की ज्वाइंट टीम के बीच हो रहा है।
16 नवंबर को ही कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी मारा गया था और एक आतंकी के ट्रैप होने की खबर सामने आई थी। जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया था।
हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। उसके बाद से इलाके में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था और आतंकियों की तलाश की थी।
बता दें कि आतंकी लगातार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं लेकिन सुरक्षाबलों द्वारा उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। यहां ये भी बता दें कि हाल ही में बारामूला के एक बाग में पाइपलाइन के काम के दौरान तीन जिंदा ग्रेनेड मिले थे, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया था। अधिकारियों का कहना था कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के दुर्हामा इलाके में एक बाग से पानी की पाइपलाइन बदलने के काम के दौरान, जंग लगे तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले थे। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) ने इन जिंदा ग्रेनेड को एक नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया।
कश्मीर में आतंक फैलाने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं लेकिन सुरक्षाबलों की मुस्तैदी की वजह से आतंक के आका अपने मकसद में कामयाब नहीं हो रहे हैं। सुरक्षाबलों की नजर चप्पे-चप्पे पर है।








