Home अपराध प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को पेट्रोल डालकर जलाने का किया...

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को पेट्रोल डालकर जलाने का किया प्रयास

0
5

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कुछ दिन पहले एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। जहां प्रेम प्रसंग के मामले ने एक बार फिर सुर्खियों का बाजार गर्म कर दिया है। जिस पत्नी पर पति ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था, अब उसी मामले में पीड़ित पति अपनी जान बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। पीड़ित दीपक कुमार का आरोप है कि मुकदमे में जमानत पर बाहर आने के बाद पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग लगातार उस पर सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। सुलह न करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, पीड़ित ने मारपीट और प्रताड़ित करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। अपनी जान को खतरा बताते हुए पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पूरा मामला फतेहपुर जिले का है। पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक 21 अप्रैल 2026 को उसकी पत्नी ज्योति देवी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उस पर पेट्रोल डालकर जान से मारने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी ज्योति देवी और उसके कथित प्रेमी यदुवेन्द्र उर्फ विपिन यादव के खिलाफ कार्रवाई की थी। हालांकि अब दोनों आरोपियों के जमानत पर बाहर आने के बाद मामला एक नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है।

दीपक कुमार का आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग लगातार उस पर मुकदमे में सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि जब वह मुकदमा वापस लेने या समझौता करने के लिए तैयार नहीं हुआ तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पीड़ित का कहना है कि उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। पत्नी और ससुरालीजनों पर मारपीट करने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पीड़ित के मुताबिक, पहले जानलेवा हमले की घटना और अब लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

यह भी पढ़ें -  'कांग्रेस मेरी कब्र खोदने का सपना देख रही है, लेकिन...': कर्नाटक में पीएम नरेंद्र मोदी

इतना ही नहीं, दीपक कुमार ने अपनी पत्नी पर पुलिस के माध्यम से उसकी बहन और बहनोई पर भी दबाव बनवाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसकी बहन और बहनोई पर मकान की चाबी दिलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर अब पीड़ित ने पुलिस के आला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।अपनी जान का खतरा बताते हुए दीपक कुमार एसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, धमकी देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और खुद के साथ-साथ अपने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

इस पूरे मामले में एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश राय ने पीड़ित को जांच के बाद उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here