कानपुर देहात। कानपुर देहात जिले में गुरुवार को तड़के बड़ा हादसा हुआ। यहां नेशनल हाईवे-19 पर श्री बालाजी महाराज के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई। करीब दो दर्जन लोग घायल हुए। घायलों में दस की हालत नाज़ुक है। उन्हें स्थानीय अस्पताल से अकबरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव खोजाफ़ूल के पास हुआ।
मेहंदीपुर बालाजी और सालासर धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस दुर्घटना का शिकार हो गई। खोजफूल के पास आगे चल रहे ट्रक में बस जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। 22 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर किया गया है। वहीं, दो श्रद्धालुओं की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं उपचार की व्यवस्था में जुटी है। एक बार फिर सड़क पर चालक की झपकी ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। पुलिस ने बताया कि खोजाफूल-महटोली (राजस्थानी ढाबा के पास), औरैया बॉर्डर के पास बस संख्या UP 35 CT 8765 ट्रक से टकराई। बस पर 33 यात्री सवार थे। बताया गया कि ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रहे सरसों के तेल से लदे ट्रक संख्या JH 02 AK 9641 में पीछे से वह टकरा गई।
बस उन्नाव जिले के जायसवाल ट्रेवल्स की है। चम्पापुरवा, उन्नाव निवासी सर्वेश गुप्ता द्वारा इसे बुक कराया गया था। 33 श्रद्धालुओं में 3 बच्चे, 17 महिलाएं एवं 13 पुरुष थे । सभी श्रद्धालु 12 नवंबर को चम्पापुरवा, उन्नाव से दर्शन हेतु राजस्थान गए थे। बुधवार देर शाम 8:30 बजे वापसी हो रही थी। पुलिस ने बताया कि बस चालक अमन खान हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
बस ट्रक की टक्कर में कृष्णवीर सिंह उर्फ ठाकुर पुत्र हरनाम सिंह 48 वर्ष, निवासी चम्पापुरवा, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव (स्थायी निवासी ग्राम समसापुर बालामऊ, थाना कछौना, जनपद हरदोई) और रामानन्द यादव (रामा यादव) पुत्र श्री कृष्ण यादव 55 वर्ष, निवासी चम्पापुरवा, शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव की मृत्यु हुई।








