फतेहपुर/बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखनपुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार को अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। गैस फैलते देख वहां काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर भागे। करीब एक घंटे तक रिसाव होने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना पर एसडीएम तहसीलदार व फायर टीम मौके पर पहुंच गई। वही इंजीनियर ने काफी मशक्कत के बाद रिसाव बंद किया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखनपुर में स्थित ब्रजरानी कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार सुबह अचानक अमोनिया गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। गैस फैलते ही कोल्ड स्टोरेज में मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सभी लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागे। रिसाव की सूचना मिलने पर ग्राम झांसा स्थित अन्य कोल्ड स्टोरेज से इंजीनियर राजेंद्र यादव को बुलाया गया। वह ऑपरेटर संजय कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और तकनीकी प्रयासों के बाद गैस का रिसाव बंद कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार अविनाश कुमार और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गैस रिसाव के चलते आसपास के लोग भी एहतियातन दूर चले गए थे। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि समय रहते गैस के रिसाव को बंद करा दिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।








