Home अपराध दुल्हन शादी के 6 दिन बाद ससुराल वालों को नशीली चाय पिलाकर...

दुल्हन शादी के 6 दिन बाद ससुराल वालों को नशीली चाय पिलाकर प्रेमी संग फरार

0
99

डिलारी, मुरादाबाद। शादी के महज छह दिन बाद नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर ससुराल पक्ष को नशीली गोलियां खिलाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले में थाना डिलारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दुल्हन और उसके प्रेमी को मुरादाबाद स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया माल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव सरकड़ा करीम निवासी रोशनी की शादी करीब एक माह पूर्व थाना डिलारी क्षेत्र के गांव अदलपुर निवासी बिल्लू के साथ हुई थी। बताया गया कि शादी से पहले ही रोशनी का अपने गांव निवासी रोहित के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। बताया जाता है कि शादी के करीब छह दिन बाद रोशनी अपने पति के साथ ससुराल में थी। आरोप है कि वह अपने साथ नशीली गोलियां लेकर आई थी। कथित योजना के तहत उसने चाय में नशीली गोलियां मिलाकर परिवार के सदस्यों को पिला दीं। चाय पीने के बाद परिवार के लोग बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान रोहित घर के बाहर मौजूद रहा।

यह भी पढ़ें -  'अपनी मां, बहन को मत बेचो': असम के बीजेपी विधायक ने 'मुस्लिम फॉर्मूले' पर AIUDF के बदरुद्दीन अजमल की खिंचाई की

परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद आरोप है कि रोशनी ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान समेट लिया। इसके बाद वह रात करीब तीन बजे प्रेमी रोहित के साथ घर से फरार हो गई। सुबह जब परिवार के लोगों को होश आया तो घर से नवविवाहिता और जेवरात-नकदी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। बिल्लू की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसे होश आया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित बिल्लू ने थाना डिलारी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाते हुए मुरादाबाद स्थित एक होटल से रोशनी और उसके प्रेमी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।

कार्यवाहक थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से लूटा गया माल बरामद कर लिया गया है, जिसे नियमानुसार पीड़ित को सौंप दिया गया है। वहीं दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here