Home अपराध दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 48 करोड़ का खास किस्म का गांजा

दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 48 करोड़ का खास किस्म का गांजा

0
78

दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने 48 करोड़ रुपये का खास किस्म का गांजा पकड़ा है। कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों से संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह हाल के दिनों में आईजीआई एयरपोर्ट पर ड्रग्स की सबसे बड़ी जब्ती में से एक है। दिल्ली एयरपोर्ट कस्टम कमिश्नर अरविंद सरन ने कहा कि यह जब्ती हाल के सालों में देश के किसी भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स की बरामदगी में से एक है।

सरन ने कहा, “इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारी ड्रग्स और दूसरी बैन चीजों की स्मगलिंग की कोशिशों को रोकने के लिए चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रख रहे हैं।” उन्होंने बताया कि सोने की स्मगलिंग को रोकने के लिए भी ठोस कोशिशें की जा रही हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया हाइड्रोपोनिक वीड, गांजे का एक हाई-पोटेंसी वाला रूप है। इसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। इसी तरह के पानी में आलू और अन्य फसलें भी उगाई जाती हैं, लेकिन कृषि वैज्ञानिकों की आधुनिक तकनीकि का उपयोग अब नशे के कारोबारी भी करने लगे हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार पकड़े गए थाई नागरिक 22 मई को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे थे। दोनों यात्रियों को हवाई अड्डे पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोक लिया गया। बयान में कहा गया कि विशिष्ट जानकारी और संदिग्ध यात्रा संकेतकों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोनों यात्रियों के सामान की गहन जांच की। अधिकारियों की तरफ से बताया गया है कि सामान की जांच के दौरान छह वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए गए, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा होने का संदेह था। बयान के मुताबिक, लगभग 29 किलोग्राम वजन के चार पैकेट एक यात्री, जबकि करीब 19 किलोग्राम वजन के दो पैकेट दूसरे यात्री के सामान से बरामद किए गए। यात्रियों के पास मिले गांजे का कुल वजन 47.805 किलोग्राम था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here