Home अपराध सड़क किनारे बैठे तीन लोगों पर पलटा कंटेनर, बुजुर्ग की मौत-दो बच्चियों...

सड़क किनारे बैठे तीन लोगों पर पलटा कंटेनर, बुजुर्ग की मौत-दो बच्चियों की हालत गंभीर

0
103

बदायूं में हजरतपुर-म्याऊं मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे बैठे बुजुर्ग की दबकर मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने भीड़ को समझाकर शांत कराया।

घटनाक्रम हजरतपुर थाना क्षेत्र का है। मंगलवार को श्रीकृष्णा ईंट भट्टा के पास एक कंटेनर हजरतपुर से म्याऊं की ओर जा रहा था। हजरतपुर क्षेत्र के गांव ग्योति निवासी रघुवीर (65) और राधा (10) पुत्री रतनपाल, संध्या (11) पुत्र रतीराम सड़क किनारे बैठे थे।

यह भी पढ़ें -  High Court : पीएनबी के ब्रांच मैनेजर को मिली सशर्त जमानत

इसी दौरान कंटेनर अनियंत्रित होकर उनके ऊपर पलट गया। हादसे में तीनों नीचे दब गए। चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को कंटेनर के नीचे से निकाला।

इस बीच चालक परिचालक फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर हजरतपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने रघुवीर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों बच्चियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here