Home अपराध लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग, अब तक 15 की मौत, CM...

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग, अब तक 15 की मौत, CM योगी मौके पर पहुंचे

0
86

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, ये कोचिंग दुकान के ऊपर चल रही थी। जब आग लगी तो कई छात्रों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाई। कोचिंग सेंटर में आग लगने की खबर मिलते ही प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम किया। मौके पर अब भी राहत और बचाव का काम जारी है।

लखनऊ अग्निकांड पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। साथ ही पीएम ने मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है…पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के लिए 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सारे दौरों को रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुई घटना की रिपोर्ट तलब की है। सीएम योगी ने राज्य के DGP और अपर मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी है और घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। बता दें कि सीएम योगी ने इस घटना के बाद अपने सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और लखनऊ पहुंच गए हैं।

हादसे के वक्त अलीगढ़ में थे सीएम योगी
गौरतलब है कि जिस समय यह अग्निकांड हुआ, सीएम योगी अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी मिलते ही अपना दौरा बीच में रद्द कर दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। वह सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने केजीएमयू जाकर घायल बच्चों व उनके परिजनों से भी मुलाकात की।

यह भी पढ़ें -  UP: 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, आगरा के पीयूष के हाथों में होगी कमान

सीएम योगी ने रद्द किए मंगलवार के सभी आधिकारिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड के बाद 23 जून के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्हें मंगलवार को हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करना था। इसके बाद आगरा में उन्हें विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेनी थी।

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने जताया शोक
लखनऊ के हादसे पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा- “लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में छात्रों सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मैं अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में हम सभी की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”

मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ- केशव प्रसाद मौर्य
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- “अलीगंज, लखनऊ में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here