Home उत्तर प्रदेश उन्नाव को मिली विकास की बड़ी सौगात, गंगा पर नया पुल, रैपिड...

उन्नाव को मिली विकास की बड़ी सौगात, गंगा पर नया पुल, रैपिड रेल और औद्योगिक निवेश का रास्ता हुआ साफ

0
131

उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत डीह के हिंदूखेड़ा-भवानीखेड़ा में आयोजित विशाल जनसभा में उन्नाव को विकास की नई सौगातें देते हुए कहा कि अब यह जिला लखनऊ और कानपुर के बीच उपेक्षित क्षेत्र नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि उन्नाव की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार जब वह उन्नाव आए थे, तब यहां के लोगों ने यह पीड़ा बताई थी कि एक ओर लखनऊ और दूसरी ओर कानपुर होने के बावजूद उन्नाव स्वयं को उपेक्षित महसूस करता है। सरकार ने इस भावना को समझते हुए विकास की हर प्रमुख योजना में उन्नाव को शामिल किया है। आज जिले का जुड़ाव प्रदेश और देश के प्रमुख शहरों के साथ तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उन्नाव का नागरिक अब केवल लखनऊ और कानपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर सड़क और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के माध्यम से सीधे दिल्ली और प्रयागराज जैसे शहरों तक आसानी से पहुंच सकता है। भरोसा दिलाया कि उन्नाव और कानपुर के बीच यातायात दबाव को कम करने के लिए गंगा नदी पर अतिरिक्त पुल के निर्माण का प्रस्ताव प्राथमिकता पर लिया जाएगा और इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें -  कर्नाटक चुनाव: आपराधिक रिकॉर्ड वाले 404 उम्मीदवार मैदान में; 11 'रेड अलर्ट' निर्वाचन क्षेत्र

करीब 11:50 बजे मुख्यमंत्री का संबोधन समाप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेस-वे के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे उन्नाव में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि युवाओं को रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े।

उन्नाव को मिलीं ये बड़ी घोषणाएं
गंगा नदी पर अतिरिक्त पुल निर्माण को स्वीकृति का भरोसा
लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल कॉरिडोर की तैयारी
डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े औद्योगिक निवेश को बढ़ावा
गंगा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में औद्योगिक क्लस्टर विकसित होगा
स्टेट कैपिटल रीजन में उन्नाव की भूमिका होगी मजबूत
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे

किसानों और युवाओं के लिए संदेश
डिफेंस कॉरिडोर से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
औद्योगिक निवेश से स्थानीय युवाओं को नौकरी मिलेगी
किसानों की आय बढ़ाने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित होगा
एक्सप्रेस-वे और नई परियोजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here